

अंबिकापुर न्यूज धमाका – अंबिकापुर के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंठी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। शराब के नशे में धुत एक तेज रफ्तार इनोवा कार चालक ने नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे एक घर में जा घुसा। इस दुर्घटना में दो महिलाएं और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया, जिससे पूरे गांव में आक्रोश फैल गया है।
हादसा हुआ भयावह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इनोवा कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और चालक पूरी तरह नशे में था। वाहन ने सड़क किनारे बने एक घर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घर में मौजूद लोग चपेट में आ गए। एक महिला का पैर बुरी तरह कट गया, जबकि एक अन्य महिला और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान महिला की मौत
घायलों को तत्काल अंबिकापुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक घायल महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने चक्काजाम की चेतावनी देते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
चालक गिरफ्तार, ग्रामीणों का गुस्सा फूटा
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों ने चालक को फटकार लगाई और कहा कि नशे में वाहन चलाकर उसने कई जिंदगियों को खतरे में डाल दिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या बोले अधिकारी?
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लापरवाही, नशे में वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज़ कर दी गई है।
नशे में ड्राइविंग पर उठे सवाल
यह हादसा एक बार फिर नशे में ड्राइविंग के खिलाफ सख्त कानून और उसके सख्त पालन की आवश्यकता को रेखांकित करता है। ग्रामीण इलाकों में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और प्रशासन की लापरवाही इस प्रकार की घटनाओं को जन्म देती है।
