
09 अगस्त 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका – CGPSC SI भर्ती परिणाम पर कांग्रेस के सवालों को भाजयुमो ने भ्रामक बताया। राहुल टिकरिहा ने दस्तावेज दिखाकर अभ्यर्थियों की योग्यता का बचाव किया और कांग्रेस से माफी मांगी
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा जारी सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा परिणाम को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से परिणाम में अभ्यर्थियों के नाम और चयन प्रक्रिया को लेकर उठाए गए सवालों पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने पलटवार किया है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि बिना पूरी जानकारी के युवाओं की मेहनत और योग्यता पर सवाल उठाना गलत है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से अभ्यर्थियों के नाम को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
अभ्यर्थियों के दस्तावेज दिखाकर किया दावा
शनिवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राहुल टिकरिहा ने अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज दिखाए। उन्होंने कहा कि CGPSC ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के नाम उनके वैध दस्तावेजों के आधार पर दर्ज किए गए हैं।टिकरिहा ने कुछ अभ्यर्थियों के वीडियो भी पत्रकारों के सामने दिखाए। उनके मुताबिक, न्यूज़ कुमार प्रधान नाम के एक अभ्यर्थी ने बताया कि उनका वास्तविक नाम ‘न्यूज़ कुमार प्रधान’ है। 10वीं की अंकसूची में सरनेम दर्ज नहीं होने और दस्तावेजी त्रुटि के कारण नाम को लेकर भ्रम की स्थिति बनी। इसी तरह हे राम, पिता दाताराम, नामक अभ्यर्थी ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत से मुख्य परीक्षा में सफलता हासिल की है और उनके नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है।
बिना तथ्य युवाओं की मेहनत पर सवाल
राहुल टिकरिहा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता अभ्यर्थियों के नाम को आधार बनाकर भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी अभ्यर्थी के नाम को लेकर टिप्पणी करने से पहले उसके दस्तावेजों और पूरी जानकारी की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं ने वर्षों तक मेहनत कर परीक्षा दी है और उनके चयन पर बिना तथ्य सवाल उठाना उनकी मेहनत और योग्यता का अपमान है।
पिछली सरकार पर भी साधा निशाना
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान पिछली भूपेश बघेल सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने वर्ष 2023 के CGPSC परिणामों को लेकर कांग्रेस शासन में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए और दावा किया कि उस समय चयन सूची में अधिकारियों और नेताओं से जुड़े लोगों के नाम सामने आए थे। श्री टिकरिहा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान करीब पांच साल तक SI भर्ती प्रक्रिया अटकी रही और इसे पूरा नहीं किया जा सका।
971 पदों पर पूरी हुई SI भर्ती
श्री टिकरिहा ने कहा कि सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व में अटकी SI भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 971 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ASI और SI के 341 पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा पुलिस आरक्षक, शिक्षक, महिला एवं बाल विकास तथा हॉस्टल अधीक्षक सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया को लेकर किसी भी तरह के सवाल हैं तो उन्हें तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर उठाया जाना चाहिए, ताकि मेहनत करने वाले युवाओं का मनोबल प्रभावित न हो।



