
गरियाबंद न्यूज धमाका – जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां महिला सिक्योरिटी गार्ड मरीज को इंजेक्शन लगाती नजर आई। घटना का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया।
एनआरएचएम कर्मचारियों की हड़ताल से बिगड़ी व्यवस्था
एनआरएचएम कर्मचारियों की हड़ताल के चलते अस्पताल की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दो दिन पहले एक पूर्व पार्षद अपने भतीजे का इलाज कराने जिला चिकित्सालय पहुंचे थे। उन्होंने देखा कि महिला गार्ड खुद ही मरीज को इंजेक्शन लगा रही है। जब इस पर डॉक्टरों से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा – “यह गार्ड इंजेक्शन लगा लेती है।”
पूर्व पार्षद ने इसकी फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
कलेक्टर ने मांगा जवाब
वायरल तस्वीरों से हुई फजीहत के बाद कलेक्टर बीएस उइके ने बड़ा कदम उठाते हुए सीएमएचओ डॉ. यूएस नवरत्ने और सिविल सर्जन डॉ. यशवंत कुमार ध्रुव को शोकॉज नोटिस जारी किया है।
नोटिस में पूछा गया है कि –
- हड़ताल की स्थिति में आपातकालीन सेवाएं बहाल रखने का निर्देश होने के बावजूद पर्याप्त चिकित्सीय स्टाफ की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
- अस्पताल में गार्ड से मरीजों को इंजेक्शन लगाने जैसी गंभीर लापरवाही कैसे हुई?
तीन दिन में देना होगा जवाब
कलेक्टर ने दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

