
दुर्ग न्यूज धमाका – ज़िले के ग्राम सिरसा थाना क्षेत्र के जेवरा सिरसा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। शिवनाथ नदी में नहाने उतरे साहिल देशमुख (22) की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, साहिल अपने दोस्तों के साथ नदी के किनारे गया था। नहाने के दौरान वह तेज़ धारा में बहकर गहरे पानी में चला गया। दोस्तों और आसपास के लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे।
सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर SDRF दुर्ग की टीम मौके पर पहुँची। जवान इंद्रपाल यादव ने डीप डाइविंग तकनीक से करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद साहिल का शव बरामद किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि साहिल तैरना नहीं जानता था और मानसून के कारण नदी का पानी गहरा व तेज बहाव वाला था। SDRF और पुलिस ने लोगों से बरसात के मौसम में नदियों और जलाशयों में नहाने से बचने की अपील की है।
ग्राम समोदा और जेवरा सिरसा में साहिल की असमय मौत से शोक की लहर है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



