
बालोद न्यूज धमाका – जिले के पाररास रोशन नगर स्थित दीनदयाल योग वेदांत फाउंडेशन आश्रम में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दूसरे आरोपी राजवीर यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें से आश्रम संचालक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, यह आश्रम पिछले पांच वर्षों से संचालित हो रहा था। आश्रम के एक शादीशुदा शिष्य पर नाबालिग के साथ यौन शोषण का आरोप है। करीब पांच महीने पुराना यह मामला उस समय गंभीर रूप से सामने आया जब इससे जुड़े कुछ आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। वायरल वीडियो में कथित बाबा और एक अन्य युवक के बीच हुई बातचीत में आरोपी द्वारा अपराध कबूलने की बात सामने आई है।
तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़िता के परिजनों ने बालोद थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जिन तीन लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध हुआ है, उनके नाम हैं – शंभू, राजबीर और दीनदयाल जेठुमल। पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी बिहार निवासी है और उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
समाज में आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज
इस घिनौने अपराध से स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आश्रमों में रह रहे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई और नियमित निगरानी की मांग की है।
