
भिलाई,न्यूज़ धमाका :-भिलाई शहर को एक और शासकीय अंग्रेजी माध्यम का स्कूल मिलने जा रहा है। विधायक देवेंद्र यादव ने इसके लिए पहल की है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छावनी को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम सरकारी स्कूल में परिवर्तित किया जा रहा है।
इससे औद्योगिक क्षेत्र के बच्चों को लाभ मिलेगा। मंगलवार को भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव व शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूल के निरीक्षण पर पहुंचे।
उन्होंने स्कूल के प्राचार्य व अन्य स्टाफ से इस संबंध में चर्चा की।
स्कूल में जिला शिक्षा अधिकारी अभय जयसवाल, शिक्षा अधिकारी राजेंद्र राव, विधायक प्रतिनिधि व लोक कर्म प्रभारी एकांश बंछोर, प्राचार्य बी फ्रांसेस, क्षेत्रीय पार्षद व अन्य जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की उपस्थिति में एक बैठक हुई। बैठक में विधायक देवेंद्र यादव ने स्कूल प्रबंधन व शिक्षा अधिकारी को बताया कि छत्तीसगढ़ शासन प्रदेश भर में 50 और अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलेगा।
इसमें से एक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छावनी भी शामिल होगा। इसलिए यहां के बेहतर संचालन के संबंध में बैठक कर चर्चा की गई। करीब एक घंटे तक चली चर्चा में विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने से क्षेत्र के सामान्य वर्ग के पालकों को काफी लाभ होगा। जो लोग अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ा नहीं पाते। वे पालक अपने बच्चों को इस अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ा सकेंगे। शासन यहां प्राइवेट स्कूल की तरह हाई क्लास सुविधा मुहैय्या कराएगी।
