
भिलाई,न्यूज़ धमाका :-मजदूर दिवस के मौके पर जिले में पदस्थ पुलिस महकमे के अधिकारियों व जवानों ने भी बोरे बासी खाकर अपने ड्यूटी की शुरुआत की। पुलिस लाइन दुर्ग में जिले के नवपदस्थ एसपी डा. अभिषेक पल्लव सहित अन्य अधिकारियों ने बोरे बासी खाया। इसके अलावा जिले के सभी थाना व पुलिस चौकी में भी प्रभारी व अन्य स्टाफ ने बोरे बासी खाया।
बता दें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मजदूर दिवस के अवसर पर सभी से बोरे बासी का सेवन कर छत्तीसगढ; का परंपरा का मान बढ़ाने का आह्वान किया था। इसके बाद सभी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने एक मई रविवार को बोरे बासी का सेवन किया।
पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी बोरे बासी का सेवन किया। एसपी डा. अभिषेक पल्लव, एएसपी संजय ध्रुव, एएसपी अनंत साहू सहित जिले के अन्य अधिकारियों, थाना व चौकी प्रभारी और जवानों ने बोरे बासी का सेवन किया। ट्रैफिक टावर सुपेला में भी पुलिस जवानों के लिए बोरे बासी खाने की व्यवस्था की गई। यहां पर ट्रैफिक डीएसपी गुरजीत सिंह अन्य जवानों ने बोरे बासी खाया।
क्रिकेट खेलने के बाद आइजी ने भाई व बेटों संग खाया बोरे बासी
दुर्ग रेंज के आइजी बद्रीनारायण मीणा के बारे में सभी को मालूम है कि वे अच्छे क्रिकेटर हैं। वे रोजाना क्रिकेट खेलते हैं। रविवार को उन्होंने अपने बड़े भाई श्रवण मीणा और दोनों बेटों मितेश व आदित्य मीणा के साथ क्रिकेट खेला। इसके बाद वहीं पर विभाग के अन्य लोगों के साथ बैठकर बोरे बासी का सेवन किया। अधिकारियों की यह तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल होती रही।
मजदूरों को मिठाई व गमछा भेंट कर मनाया मजदूर दिवस
पाटन ब्लाक के विभिन्ना ग्रामों में मजदूर दिवस के अवसर पर श्रमिकों का सम्मान में बोरे बासी दिवस का आयोजन भी किया गया । इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारियों ने गांव-गांव में चल रहे विकास कार्य स्थल पर मजदूरों के साथ बोरे बासी खाया। साथ ही मजदूरों को गमछा व मिठाई खिलाकर सम्मान भी किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी आशीष वर्मा ने ग्राम दैमार में मनरेगा के तहत चल रहे कार्य स्थल पर जाकर मजदूरों के साथ बासी खाया। इसके अलावा मजदूरों को लड्डू भी बांटे।
