कोरबाक्राइम

कोरबा में महिला की दिनदहाड़े हत्या, जमीन को लेकर हुआ विवाद, फिर जेठ ने टांगी से 3 बार वार कर मार दिया, गिरफ्तार

कोरबा न्यूज़ धमाका // छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में महिला की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई है। मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। जिसके चलते उसके ही जेठ ने टंगिया से 3 बार वार कर महिला को मार दिया। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र के छिंदपुर गांव का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, छिंदपुर निवासी अमेरिका बाई (38) पति गिरधारी श्रीवास की मौत के बाद अपने सास ससुर के साथ गांव में रहती थी। रोज की तरह शुक्रवार सुबह वह काम कर घर के पास की जमीन पर कंडा पाथ रही थी। उसी दौरान उसका जेठ बनवारी श्रीवास (44) करीब 10 बजे मौके पर पहुंचा और जमीन को लेकर अमेरिका बाई से विवाद करने लगा।

बताया गया कि दोनों परिवार के बीच में जमीन को लेकर पुराना विवाद था। शुक्रवार को फिर से जब विवाद हुआ तो बनवारी ने पहले तो झगड़ा किया। इसके बाद घर के अंदर गया, टंगिया लाया और महिला के गले में 3 बार मारा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद बनवारी फरार हो गया था। जिस वक्त वारदात को अंजाम दिया गया, उस वक्त घटनास्थल पर कोई नहीं था। आसपास के लोगों ने जब महिला की लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी। खबर लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। वहीं कुछ देर बाद आरोपी ने खुद थाने जाकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिसके बाद बनवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।

पति को भी खूब मारा था

परिजनों ने बताया कि आरोपी बनवारी और उसके भाई गिरधारी श्रीवास का पास की ही जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके चलते दोनों अलग-अलग रहने लगे थे। बनवारी भी अमेरिका बाई के घर के बगल में ही रहता था। कुछ महीने पहले उसने अमेरिका बाई के पति गिरधारी के साथ भी खूब मारपीट की थी। जिससे उसके शरीर में काफी चोटें आईं थी। मामला हरदीबाजार चौकी में दर्ज भी हुआ था। हालांकि समझाने के बाद मामला शांत हो गया था। मगर 4 महीने पहले ही गिरधारी की किसी बीमारी की वजह से मौत हो गई थी।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!