
उत्तर प्रदेश न्यूज़ धमाका /// प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर के जेवर में एशिया के सबसे बड़े नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का शिलान्यास किया। पीएम मोदी के एयरपोर्ट पर पहुंचते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। बता दें कि हवाई अड्डे के पहले चरण का विकास 10,050 करोड़ से अधिक की लागत से किया जा रहा है।
हवाई अड्डा 1300 हेक्टेयर से अधिक जगह में फैला हुआ है। हवाई अड्डे के पहले चरण के पूरा ही इसकी क्षमता सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों की सर्व करने की होगी। और इस पर काम 2024 तक पूरा होने वाला है। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर कहा था कि इस परियोजना से व्यापार, संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शिलान्यास के बाद जनता को संबोधित किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि आप सभी को, देश के सभी लोगों को, उत्तर प्रदेश के भाई-बहनों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की बहुत-बहुत बधाई। इसका बहुत बड़ा लाभ दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों को होगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कनेक्टिविटी की दृष्टि से भी एक बेहतरीन मॉडल बनेगा। यहां आने जाने के लिए टैक्सी से लेकर मेट्रो और रेल तक हर तरह की कनेक्टिविटी होगी। आज देश में जितनी तेजी से एविएशन सेक्टर में वृद्धि हो रही है, जिस तेजी से भारतीय कंपनियां सैकड़ों नए विमानों को खरीद रही हैं, उनके लिए भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की बहुत बड़ी भूमिका होगी। ये एयरपोर्ट विमानों के रख-रखाव, रिपेयर और ऑपरेशन का भी देश का सबसे बड़ा सेंटर होगा।
इस एयरपोर्ट के माध्यम से पहली बार देश में इंटीग्रेटेड मल्टीमॉडल कार्गो हब की कल्पना साकार हो रही है। इससे इस पूरे क्षेत्र के विकास को एक नई गति मिलेगी, एक नई उड़ान मिलेगी। हवाई अड्डे के निर्माण के दौरान रोजगार के हजारों अवसर बनते हैं। हवाई अड्डे को सुचारु रूप से चलाने के लिए भी हजारों लोगों की आवश्यकता होती है। पश्चिमी यूपी के हजारों लोगों को ये एयरपोर्ट नए रोजगार भी देगा।




