
मुंगेली न्यूज़ धमाका – मुंगेली जिला में अवैध कॉलोनियों और प्लाटिंग के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने 60 से अधिक अवैध कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किया है।
मुंगेली जिला में अवैध कॉलोनियों और प्लाटिंग के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। नगर पालिका द्वारा 60 से अधिक अवैध कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने संबंधित लोगों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए 15 दिनों का समय दिया था, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी किसी प्रकार का संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं हुआ ह
नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी जब नोटिस तामील कराने संबंधित स्थानों पर पहुंचे तो कई मामलों में नोटिस लेने से ही इनकार कर दिया गया। इतना ही नहीं, कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की भी शिकायत सामने आई है। कही सम्बंधित व्यक्ति के पता सही नही होने पर अब नगर पालिका प्रशासन ने डाक माध्यम से नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि कानूनी रूप से नोटिस की तामिली सुनिश्चित की जा सके और आगे की कार्रवाई में कोई बाधा न आए।
अवैध प्लाटिंग और कॉलोनियों पर कार्रवाई रहेगी जारी
अवैध प्लाटिंग और कॉलोनियों के विकास के मामलों में अब सख्त रुख अपनाया जाएगा। उचित जवाब प्रस्तुत नहीं करने वाले कॉलोनाइजरों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर चलाने और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
नोटिस देने के चार साल बाद हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि अवैध कॉलोनियों का मामला वर्षों पुराना है। नगर पालिका द्वारा 17 नवंबर 2022 से लगातार नोटिस जारी किए जाते रहे हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं। शहर में अवैध कॉलोनियों के विस्तार को लेकर कई बार शिकायतें सामने आईं, लेकिन कार्रवाई नोटिसों तक ही सीमित रही। इसी बीच 10 दिसंबर 2025 को आयोजित नगर पालिका परिषद की बैठक में अवैध कॉलोनाइजरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया था। परिषद के इस निर्णय के बाद अब प्रशासनिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं।
अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ होगी FIR- सीएमओ
इस संबंध में नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ने बताया कि परिषद के निर्णय और नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनाइजरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस विभाग के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही विभागीय स्तर पर भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



