
कुरुद न्यूज़ धमाका – धमतरी जिले के कुरूद के ग्राम उमरदा में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध करते हुए 112 वाहन और निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी
धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम उमरदा में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हादसे में एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध किया और मौके पर पहुंची 112 वाहन और एक निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की घटना भी सामने आई है। हंगामे में एक उप निरीक्षक (एसआई) और एंबुलेंस चालक के घायल होने की जानकारी मिली है।
हाईवा की चपेट में आने से युवक की मौत
मगरलोड क्षेत्र के भैंसमुंडी निवासी लीलाराम साहू अपने एक साथी के साथ बाइक से धमतरी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उमरदा के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लीलाराम साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

शव उठाने का विरोध, एंबुलेंस और 112 वाहन को बनाया निशाना
बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने शव उठाने का विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच मौके पर पहुंची 112 वाहन और वंदे मातरम सेवा परिवार की निजी एंबुलेंस को भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। आरोप है कि कुछ लोगों ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ की तथा चालक के साथ हाथापाई भी की।
स्थिति संभालने पहुंची पुलिस से भी झड़प
पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उसे भी विरोध का सामना करना पड़ा। हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान एक उप निरीक्षक घायल हो गए। वहीं एंबुलेंस चालक को भी चोटें आई हैं। चालक द्वारा घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है।
दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में पेट्रोलिंग वाहनों की कमी के कारण मौके पर पहुंचने में कुछ विलंब हुआ। फिलहाल सड़क दुर्घटना और उसके बाद हुए हंगामे दोनों मामलों की जांच की जा रही है। पुलिस दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। वहीं इस घटना ने सड़क सुरक्षा के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी



