
राजनांदगांव न्यूज़ धमाका /// जिले में शराब तस्कर से जब्त वाहन में घूमने वाले आबकारी विभाग के सिपाही ओम प्रकाश सिन्हा पर विभाग ने अब तक कार्रवाई नहीं की है। इसके खिलाफ सोमवार को जोगी कांग्रेस ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने शिकायत की। जोगी कांग्रेस के प्रदेश कोर कमेटी सदस्य नवीन अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आबकारी विभाग के अफसरों पर मनमानी का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि आबकारी अफसर खुद को कलेक्टर से भी ऊपर समझ रहे हैं।
यही वजह है कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी होने और खुद ही स्वीकार करने के बाद भी अब तक संबंधित सिपाही पर कार्रवाई नहीं हो सकी है। नवीन अग्रवाल ने बताया कि आबकारी का सिपाही ओम प्रकाश सिन्हा शराब तस्कर से जब्त वाहनों में घूमता रहा है।जिसकी वीडियो सहित शिकायत आबकारी के सहायक आयुक्त से की गई थी। इसके बाद भी अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की। नवीन अग्रवाल ने कहा कि अगर जल्द ही संबंधित सिपाही और उन्हें संरक्षण देने वाले अफसरों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जोगी कांग्रेस सड़क पर आंदोलन करेगी।
