
राजनांदगांव न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई न करने पर थाना प्रभारी अरूण कुमार नामदेव और चिखली चौकी के एएसआई इब्राहिम खान को एसपी मोहित गर्ग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दरअसल, 8 सितंबर को चिखली निवासी अजय राजपूत ने आरोपियों पृथ्वी भट्ट और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस ने समय पर कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस की इस लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि उसी रात आरोपियों ने अजय राजपूत के घर घुसकर उसके पिता किशन राजपूत और राकेश ढीमर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
घटना से पूरे इलाके में तनाव फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों अफसरों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।



