
न्यूज़ धमाका :- रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध अब 6वें दिन में प्रवेश कर चुका है और रूस की सेना यूक्रेन की राजधानी कीव पर लगातार बमबारी कर रही है तो वहीं खारकीव में भी जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में इमरजेंसी बैठक को लेकर वोटिंग हुई, जिसमें 29 से ज्यादा देश इमरजेंसी बैठक के पक्ष में हैं, वहीं इसके लिए हुई वोटिंग से भारत ने एक बार फिर खुद को दूर रखा है। इस बीच आज यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि राजधानी कीव में फंसे भारतीय तत्काल बाहर निकल जाए और पश्चिमी हिस्से में पहुंचे। साथ ही भारतीय दूतावास के अधिकारियों के संपर्क में रहे।
रूस का दावा, कीव छोडकर भागे राष्ट्रपति जेलेंस्की
इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति राजधानी कीव को छोड़कर भाग चुके हैं। यह दावा रूसी मीडिया रिपोर्ट्स में किया गया है। साथ ही राजधानी कीव की घेराबंदी तेज हो गई है। राजधानी कीव को रूस के सैनिकों, बख्तरबंद गाड़ियों और तोपों से घेरा जा चुका है।
भारत बोला, शांतिपूर्ण समाधान हो
UNGA के 11वें आपातकालीन सत्र में यूक्रेन पर संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी. एस. तिरुमूर्ति ने कहा कि विवादों का शांतिपूर्ण समाधान होना चाहिए। भारत स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। भारत सरकार का मानना है कि कूटनीति के रास्ते पर लौटने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है।
यूक्रेन के 70 सैनिकों की मौत
रूस के जोरदार हमले के बाद आज यूक्रेन को काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस हमले में 70 से ज्यादा यूक्रेनी सैनिकों की मौत हुई है। रूसी तोपखाने द्वारा खार्किव और कीव के बीच स्थित ओखतिर्का में एक सैन्य अड्डे पर हमला किया गया था, इस हमले में 70 यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं।



