
सुकमा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के पोटाकेबिन विद्यालय पाकेला में बच्चों के भोजन में फिनाइल की गोली मिलने के मामले ने बड़ा तूल पकड़ लिया है। हाईकोर्ट ने इस घटना पर स्वतः संज्ञान लिया है। वहीं कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की कार्रवाई के बाद आज छात्रों ने अधीक्षक को हटाए जाने का विरोध करते हुए स्कूल गेट पर तालाबंदी कर दी और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। समझाइश के बाद छात्रों ने तालाबंदी खत्म की।

क्या है पूरा मामला
21 अगस्त की रात स्कूल में भोजन परोसने से पहले चखने की प्रक्रिया के दौरान खाने से तेज गंध आई। जांच करने पर भोजन में फिनाइल की गोली मिली। गनीमत रही कि समय रहते मामला पकड़ में आ गया, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
हाईकोर्ट का सख्त रुख
इस घटना पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव से व्यक्तिगत हलफनामे के साथ जवाब तलब किया है। कोर्ट ने कहा कि बच्चों के भोजन से जुड़ी यह बेहद गंभीर और संवेदनशील घटना है।
- अगली सुनवाई 17 सितंबर को होगी।
- कोर्ट ने निर्देश दिया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रशासन की कार्रवाई
- आरोपी शिक्षक धनंजय साहू के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। साथ ही तत्काल निलंबित कर दिया गया है।
- अधीक्षक दुजाल पटेल को प्रभार से मुक्त कर जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, सुकमा में संलग्न किया गया है। उनकी जगह गौतम कुमार ध्रुव को नया अधीक्षक बनाया गया है।
- सहायक अधीक्षक भवन सिंह मंडावी को भी हटाकर उनकी जगह रतन सिंह पैकरा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छात्रों का विरोध
छात्रों का कहना है कि दोषी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई उचित है, लेकिन अधीक्षक को हटाया जाना न्यायसंगत नहीं है। इसी मांग को लेकर उन्होंने तालाबंदी की और विरोध प्रदर्शन किया।



