
रायपुर न्यूज धमाका – राजधानी रायपुर में सोमवार को एक बड़ी लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पंडरी थाना क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े बोरवेल कारोबारी से 15 लाख रुपये की लूट कर ली।
जानकारी के मुताबिक, बोरवेल कारोबारी चिराग जैन अपनी कार से ऑफिस जा रहे थे। कांपा रेलवे फाटक के पास सुनसान इलाके में तीन बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने उनकी कार रुकवाई। चेहरा ढके हुए इन लुटेरों के पास हथियार थे। उन्होंने हथियार कारोबारी के गले पर रखकर नगदी, सोना-चांदी और अन्य सामान समेत कुल 15 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
कारोबारी ने पुलिस को बताया कि बदमाश जिस बाइक से आए थे, उस पर अंग्रेजी में “BOSS” लिखा हुआ था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पंडरी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मिलकर मामले की जांच में जुटी हैं, हालांकि अब तक आरोपी पकड़े नहीं जा सके हैं।



