बिलासपुर,न्यूज़ धमाका :- आने वाले एक दो दिन में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा। वहीं अभी से गर्मी ने लोगों की बेचैनी बढ़ाकर रख दी है। इसी तरह सिम्स में भर्ती मरीजों को भी गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। क्योंकि अभी वार्डो में लगाए गए आधे से ज्यादा कूलर चालू नहीं हुए हैं। यदि इन्हें जल्द ही चालू नहीं किया गया तो भर्ती मरीज भी गर्मी से बेहाल हो जाएंगे।
सिम्स में विभिन्न 29 वार्डों का संचालन होता है। इसमे केवल बर्न और हाईटेक मेडिसीन वार्ड ही वातानुकूलित है। इसके बाद अन्य 27 वार्डों में कूलर से काम चलाया जाता है और इन वार्डों को ठंडा रखने के लिए कम से कम 120 बड़े कूलर की जरूरत पड़ती है। वहीं अब गर्मी अपना असर भी दिखाने लगा है। ऐसे में अब भर्ती मरीजों को भी गर्मी सताने लगी है। लेकिन बढ़ते गर्मी के बाद भी अभी तक वार्डों में क्षमता के अनुरूप कूलर नहीं लग पाए हैं।