
रायगढ़ न्यूज धमाका – जिले में 50 लाख रुपये की ठगी मामले में पुलिस ने फरार आरोपी सुदीप मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला ग्राम खोखरी (जांजगीर-चांपा) की महिला अनिता साहू की शिकायत से जुड़ा है।
शिकायत के अनुसार, असीम कृपा फाउंडेशन के संचालक रंजीत चौहान ने नवंबर 2024 में नकली नाबार्ड टेंडर दिखाकर भरोसा दिलाया और कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से 50 लाख रुपये वसूल लिए। इसमें 27 लाख रुपये फाउंडेशन खाते में और 23 लाख रुपये नगद दिए गए थे। जांच में यह पूरा प्रकरण फर्जी पाया गया।
पुलिस ने आरोपियों पर धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया। मुख्य आरोपी रंजीत चौहान पहले ही जेल भेजा जा चुका है। अब सह-आरोपी सुदीप मंडल (40 वर्ष, निवासी चक्रधरनगर रायगढ़) को 22 अगस्त को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी अमित शुक्ला और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
