
कवर्धा न्यूज धमाका – पंडरिया विधानसभा की विधायक भावना बोहरा का जन्मदिन 24 अगस्त को पूरे क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्रवासियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। विधायक बोहरा ने इस अवसर पर सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और समर्थन से समृद्ध पंडरिया का संकल्प अवश्य पूरा होगा।
जन्मदिन के मौके पर उन्होंने हरीतिमा ग्रुप और स्काउट-गाइड छात्रों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने महामाया मंदिर और खेड़ापति हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा वृद्धाश्रम पहुँचकर बुजुर्गों को फल वितरित कर आशीर्वाद लिया।
ग्राम सेमरहा के बच्चों ने भी विधायक बोहरा के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। पूरे पंडरिया विधानसभा में कार्यकर्ताओं और आमजनों ने जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए। कबीरधाम भाजपा कार्यालय, उड़िया कला, सहसपुर लोहारा, सिल्हाटी चौक, सिंगारपुर, रंजीतपुर और जमुनिया सहित कई स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। ग्राम रणवीरपुर में सुप्रसिद्ध भजन गायक पंडित विवेक शर्मा द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
भावना बोहरा ने कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी ऊर्जा है। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियाँ गिनाते हुए बताया कि बेटियों के लिए निःशुल्क बस सेवा, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस और मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, युवाओं के लिए कोचिंग सेंटर, महिलाओं के सशक्तिकरण और अधोसंरचना विकास के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक राशि स्वीकृत की गई है। साथ ही विधानसभा में जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और जनसेवा केंद्रों के माध्यम से निरंतर काम करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वे और अधिक मेहनत और समर्पण के साथ जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेंगी।



