
बालोद न्यूज धमाका – जिले के गुंडरदेही ब्लॉक के राहुद ग्राम में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां पूर्व माध्यमिक शाला के पुराने जर्जर भवन को तोड़ते समय अचानक छत और दीवार गिर गई, जिससे 6 मजदूर घायल हो गए।
घायलों को तत्काल गुंडरदेही स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से तीन मजदूरों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें दुर्ग रेफर किया गया। यह घटना रनचिरई थाना क्षेत्र में हुई।
अन्य जिलों में भी हादसे
- कोरबा: तेज बारिश के कारण एक मकान की दीवार गिर गई। मलबे में दबकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना के लिए नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया, क्योंकि इलाके में नाली की व्यवस्था नहीं होने से पानी सीधे घर में घुस गया था।
- सूरजपुर: कुछ दिन पहले जिले में मिट्टी की दीवार गिरने से दो बच्चियों और उनकी दादी की मौत हो गई थी। हादसे के समय तीनों घर में बैठी थीं। मृत बच्चियों की उम्र क्रमशः डेढ़ और ढाई साल, जबकि दादी की उम्र 53 वर्ष बताई गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।



