
सरगुजा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली घरेलू विवाद में 24 वर्षीय युवक की मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के पिता और छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत खड़ादोरना के सरनापारा निवासी अमोश लकड़ा (24) की मौत खाना बनाने के विवाद के दौरान हो गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विवाद इतना बढ़ गया कि परिजनों में हाथापाई की नौबत आ गई। इसी दौरान किसी ने मोबाइल चार्जर की केबल से अमोश का गला घोंट दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के पिता रामचरण लकड़ा तथा छोटे भाई निलेश लकड़ा को हिरासत में लिया। दोनों एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, जिससे मामला उलझ गया है। फिलहाल पुलिस दोनों से सख्ती से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
दामाद ने पेट्रोल डालकर सास-ससुर पर किया हमला, ससुर की मौत
कोरिया जिले में दिल दहला देने वाली वारदात
इसी बीच छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बचरापोड़ी चौकी क्षेत्र के ग्राम बड़ेसाल्ही में एक दामाद ने कथित रूप से पेट्रोल डालकर अपनी सास-ससुर को आग के हवाले कर दिया।
घटना के दौरान ससुर राय राम की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि सास गंभीर रूप से झुलस गईं और उन्हें इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी दामाद की तलाश की जा रही है।
दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक विवादों को लेकर बढ़ती हिंसक वारदातें चिंता का विषय हैं।



