
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित ‘किसान-जवान-संविधान सभा’ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित इस जनसभा में खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राज्य सरकार को निशाने पर लिया।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को लेकर खरगे ने कहा – “यह दर्शाता है कि आप हमारे साथ हैं, और जब जनता साथ होती है तो हमें कोई नहीं हरा सकता।”
‘मोदी दो टांगों पर चल रहे हैं – नीतीश और TDP’
खरगे ने कहा, “बीजेपी की हालत यह है कि खुद की सरकार भी नहीं बना पा रहे। मोदीजी अब दो टांगों पर चल रहे हैं – एक नीतीश बाबू और दूसरी TDP। इनमें से कोई एक भी हिल जाए, तो सरकार गिर जाएगी।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए जोड़ा, “प्रधानमंत्री मोदी को अब सहयोगी दलों की बैसाखी के सहारे सरकार चलानी पड़ रही है।”
‘अमित शाह बार-बार छत्तीसगढ़ क्यों आ रहे? क्या यहां उनका घर है या ससुराल?’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरों पर तंज कसते हुए खरगे ने कहा – “अमित शाह हर बार यहां क्यों आते हैं? क्या उनका घर यहां है, या ससुराल? मुख्यमंत्री से कहते हैं बैठो – बैठ जाते हैं, उठो – तो उठ जाते हैं। इतनी बेइज्जती के बाद भी पद से चिपके हुए हैं।”
‘झूठों के सरदार हैं भाजपा सरकार’
खरगे ने भाजपा को “झूठों की सरकार” बताते हुए आरोप लगाया कि – “भाजपा ने छत्तीसगढ़ के किसानों और जवानों से वादाखिलाफी की। डबल इंजन की सरकार कहने वालों के एक इंजन छोटे और एक बड़े हैं – गाड़ी कैसे चलेगी?”
वित्तीय मामलों पर बोलते हुए उन्होंने कहा – “2025-26 में भाजपा सरकार ने 47 हजार करोड़ का कर्ज लिया है। जब हम एक रुपया कर्ज लेते थे, तो लोग सड़क पर उतर आते थे – अब वे लोग कहां हैं?”
‘PM मीटिंग में नहीं आते – ये देश का अपमान है’
हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर बुलाई गई बैठकों का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा – “प्रधानमंत्री दो बार हुई बैठकों में शामिल नहीं हुए। ये देश के लोगों की बेइज्जती है। इतना अहंकार ठीक नहीं।”

भूपेश बघेल का हमला – किसानों को खाद तक नहीं दे पा रही भाजपा सरकार
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा – “स्कूल खुल गए हैं, लेकिन बच्चों को किताबें नहीं मिल रही। किसान को खाद नहीं मिल रहा, नकली खाद दी जा रही है। मोदी जी पूरी दुनिया घूम रहे हैं लेकिन किसानों को डीएपी खाद नहीं दे पा रहे।”
उन्होंने कहा – “बस्तर में 35-40 हजार युवा नक्सलियों के नाम पर पलायन को मजबूर हैं। इस हालात की जिम्मेदार भाजपा सरकार है।”
‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के नारों से गूंज उठा सभा स्थल
सभा का समापन खरगे द्वारा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के नारों के साथ हुआ, जिसके बाद सभा स्थल में जोश और उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को 2024 लोकसभा चुनाव के बाद जनता से संवाद का एक मंच बताया।
विश्लेषण:
इस सभा से साफ है कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार को कृषि, रोजगार और स्वाभिमान के सवालों पर घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा की ओर से इस सभा पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सभी की निगाहें हैं।



