
इस बीच पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर मुश्ताक अहमद ने अपनी टीम को भारत के दो खतरनाक बल्लेबाजों को आउट करने का गेम प्लान बताया है.
रविवार को टी20 वर्ल्ड कप का सबसे हाई वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा. दो चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान इस मैच में आमने-सामने होंगे और दोनों इसी मैच से अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेंगे. इस मैच से पहले दोनों टीमों के पूर्व क्रिकेटर अपनी-अपनी टीम को सपॉर्ट कर रहे हैं और अपने अनुभव के आधार पर प्रतिद्वंद्वी टीमों को आउट करने का प्लान बता रहे हैं. मुश्ताक अहमद की नजर में भारतीय बैटिंग लाइनअप में रोहित शर्मा और कप्तान विराट कोहली दो सबसे अनुभवी और मैच का रुख पलटने वाले बल्लेबाज हैं. अगर पाकिस्तानी टीम ने इन दोनों खिलाड़ियों को सस्ते में निपटा लिया तो फिर उसका काम आसान बन सकता है. उन्होंने अपनी टीम को इन दोनों खिलाड़ियों को आउट करने की योजना भी बताई. हालांकि वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर हमेशा ही भारी रहा है. चाहे टी20 वर्ल्ड कप हो या फिर वनडे वर्ल्ड कप. जब-जब ये दोनों टीमें आपस में भिड़ी हैं भारत ने हर बार पाकिस्तान का सूपड़ा साफ किया है. इस बार भी भारतीय टीम से ऐसा ही प्रदर्शन दोहराने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा स्मार्ट क्रिकेटर हैं. वह शुरुआत में कुछ गेंदें सेट होने के लिए बहुत आराम से खेलते हैं लेकिन इस दौरान वह इनस्विंग गेंदों पर परेशान रहते हैं. अगर पाकिस्तान टीम अपने इनस्विंग गेंदबाज को रोहित के खिलाफ लगातार अंदर आती हुई गेंदें खिलाने की योजना पर काम करे तो उसे सफलता मिल सकती है. हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक 51 वर्षीय मुश्ताक अहमद ने बाबर आजम (Babar Azam) की टीम को सलाह दी है कि वह रोहित शर्मा को शुरुआत में ही आउट करने की पुरजोर कोशिश करें.इसके बाद उन्होंने भारतीय कप्तान विराट कोहली को आउट करने की योजना पर उन्होंने कहा, ‘विराट कोहली के खिलाफ आपको फील्ड की जमावट पर लगातार ध्यान देना होगा. यह सफेद बॉल क्रिकेट है तो आपके पास ज्यादा स्विंग नहीं होगी. लेकिन यह खास होगा कि आप उन्हें शुरुआत 10-15 रन बनाने में मुश्किलें पैदा करें और अपनी फील्डिंग टाइट रखें. ऐसे में वह फील्डर के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश करेंगे और यहां उन्हें आउट करने के मौके बन सकते हैं.’




