छत्तीसगढपखांजूर

सड़क के गड्ढों से परेशान ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन : नींबू काटकर बोले- बारिश रुक सकती है तो शायद गड्ढे भी भर जाएं

29 अगस्त 2026 //

पखांजूर न्यूज़ धमाका – पखांजुर के पी.व्ही.-39 में सड़क के गड्ढों से परेशान ग्रामीणों ने नींबू काटकर अनोखा प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की।

परलकोट क्षेत्र की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली की तस्वीर बनी हुई है। पी.व्ही.-39 के पास सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। सड़क की हालत से नाराज ग्रामीणों ने अब जिम्मेदार विभाग का ध्यान खींचने के लिए अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों के पास नींबू काटकर व्यंग्यात्मक प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि जब नींबू काटने से बारिश रुकने की बात कही जा सकती है, तो शायद इसी तरह नींबू काटने से सड़क के गड्ढे भी भर जाएं।

भारी वाहनों से सड़क की हालत खराब होने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सुरजगढ़ माइंस से लगातार गुजरने वाले भारी-भरकम वाहनों के कारण सड़क पर दबाव बढ़ रहा है और सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। पी.व्ही.-39 के पास जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिनसे वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को इन गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। 

सांसद के नींबू वाले बयान पर तंज

ग्रामीणों का यह प्रदर्शन कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग के उस बयान की याद दिलाता है, जिसमें बारिश के दौरान नींबू काटने को लेकर उनका बयान चर्चा में आया था। अब पी.व्ही.-39 के ग्रामीणों ने उसी अंदाज में सड़क के गड्ढों के पास नींबू काटकर व्यवस्था पर व्यंग्य किया है। ग्रामीणों ने कहा कि उनका प्रदर्शन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सड़क की बदहाली और जिम्मेदार विभाग की कथित उदासीनता के खिलाफ है। उनका कहना है कि सड़क की स्थिति जल्द नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। 

तत्काल मरम्मत की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और सुरजगढ़ माइंस से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण सड़क पर पड़ रहे अतिरिक्त दबाव का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की यह मुख्य सड़क बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन का प्रमुख माध्यम है। ऐसे में इसकी बदहाल स्थिति को नजरअंदाज करना आम लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ साबित हो सकता है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!