
बेमेतरा न्यूज़ धमाका – छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था वक्ता मंच द्वारा काव्य महाकुंभ 2026 का आयोजन किया गया, प्रधान पाठक धनेश रजक को शिखर सम्मान से सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था वक्ता मंच द्वारा काव्य महाकुंभ 2026 का आयोजन किया गया। बेमेतरा जिले के शिक्षा एवं साहित्य जगत के सशक्त हस्ताक्षर धनेश रजक, प्रधान पाठक शासकीय प्राथमिक शाला खपरी धोबी, विकासखंड साजा को शब्द शिखर सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा, साहित्य, भाषा संरक्षण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
प्रधान पाठक धनेश रजक ने कहा कि, लंबे समय से विद्यालयीन शिक्षा को रोचक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों के लिए अनेक उपयोगी एवं प्रेरणादायक पुस्तकों का लेखन किया है, जिनमें बाल कविताएँ, गीत, कहानियाँ तथा शैक्षणिक सामग्री शामिल हैं। प्रधान पाठक धनेश रजक द्वारा हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी बोली-भाखा के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उनकी रचनाएँ सरल भाषा, लोक संस्कृति और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण होती हैं, जो बच्चों तथा पाठकों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय हैं।
गीत, कविता, कहानी के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश
उन्होंने ने कहा कि, साहित्य सृजन के साथ-साथ वे सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े हुए हैं। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों की सहायता, उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए उनका योगदान सराहनीय रहा है। गीत, कविता, कहानी एवं बाल साहित्य के माध्यम से वे समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित कर रहे हैं। रायपुर के वृंदावन सभागृह में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए साहित्यकारों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
शिखर सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों, साहित्यकारों को दी बधाई
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने धनेश रजक के शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शब्द शिखर सम्मान 2026 प्राप्त होने पर क्षेत्र के शिक्षकों, साहित्यकारों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने धनेश रजक को शुभकामनाएँ देते हुए इसे बेमेतरा जिले और शिक्षा जगत के लिए गौरव बताया।



