
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में मानकों का पालन पारदर्शिता, गुणवत्ता और उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। उन्होंने यह बात विश्व मानक दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित मानक महोत्सव में कही।

मुख्यमंत्री साय ने उपस्थित जनों को गुणवत्ता शपथ दिलाते हुए मानकीकृत उत्पादों को बढ़ावा देने और भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के प्रयासों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि बीआईएस द्वारा बोतलबंद पानी, हेलमेट, खिलौने, गहनों सहित करीब 22 हजार वस्तुओं को मानक चिन्ह प्रदान किया जा चुका है।
साथ ही उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मानकों की अहम भूमिका होगी। स्वदेशी उत्पादों की गुणवत्ता और मानकीकरण के कारण आज देश के गांव और कस्बों में बने उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान बना रहे हैं। गुणवत्ता ही आत्मनिर्भर भारत की वास्तविक पहचान है।”

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि विश्व मानक दिवस का उद्देश्य उपभोक्ताओं और समाज में मानकीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस कार्यशाला से प्राप्त ज्ञान को समाज में आगे बढ़ाएं, ताकि उपभोक्ता संरक्षण और अधिक सशक्त हो सके।
बीआईएस रायपुर शाखा कार्यालय के निदेशक एस. के. गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश में निर्मित हर उत्पाद वैश्विक गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरे। उन्होंने उपभोक्ताओं को बीआईएस केयर ऐप के माध्यम से आईएसआई, हॉलमार्क और उत्पाद प्रमाणिकता जांचने की सुविधा की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री साय ने मानक महोत्सव में विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित नवाचार आधारित स्टॉलों की सराहना की। विद्यार्थियों ने रक्तचाप मापन मशीन, मिट्टी की नमी मापने की मशीन, “एक्सप्लोरर रोबोट” और दिव्यांगजनों के लिए स्मार्ट ट्रेन का मॉडल प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कहा, “जब युवाओं की सोच में गुणवत्ता और नवाचार जुड़ता है, तभी भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर होता है।”
उन्होंने अधिकारियों, संस्थाओं और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे “क्वालिटी को क्वांटिटी से पहले रखें” और छत्तीसगढ़ को मानकीकरण, नवाचार और पारदर्शिता में देश का अग्रणी राज्य बनाएं।
कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के निदेशक एन. व्ही. रमन्ना राव, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी, इस्पात प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक ए. के. चक्रवर्ती, कैट के अध्यक्ष परमानंद जैन, छत्तीसगढ़ स्टील री-रोलर्स निर्माता संघ के अध्यक्ष संजय त्रिपाठी और छत्तीसगढ़ ज्वेलर्स संघ के अध्यक्ष कमल सोनी भी उपस्थित थे।
