
जांजगीर-चांपा न्यूज धमाका – जिले में 8 साल के मासूम के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि अपहरण की साजिश में बच्चे का चचेरा भाई ही शामिल था।
कैसे हुआ अपहरण?
25 अगस्त की शाम करीब 5 बजे थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम लगरा से एक 8 वर्षीय बच्चा अचानक लापता हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय पांडेय ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच के आदेश दिए और साइबर टीम को सक्रिय किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर गुमशुदा बालक को उसके बड़े पिता के बेटे राहुल टंडन की टेम्पो में जाते देखा गया। इससे पुलिस का शक गहरा गया।
सात दिन पहले रची थी साजिश
पूछताछ में आरोपी राहुल टंडन ने पहले गोलमोल जवाब दिए, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर सच सामने आया। राहुल ने जमीन के विवाद को लेकर रंजिश की वजह से बच्चे का अपहरण करने की योजना कबूल की।
उसने अपने दो साथियों प्रशांत मैना और उमेश दिवाकर के साथ मिलकर 7 दिन पहले यह साजिश रची थी। योजना के अनुसार, अपहरण के बाद बच्चे के पिता से 10 लाख रुपये फिरौती मांगने की तैयारी थी। लेकिन पुलिस ने सभी आरोपियों को पहले ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- राहुल टंडन (25 वर्ष) पिता शिव चरण टंडन, निवासी ग्राम लगरा थाना मुलमुला
- प्रशांत कुमार मैना (19 वर्ष) पिता अभिमन्यु मैना, निवासी खपरी थाना मुलमुला
- उमेश दिवाकर उर्फ ननकी (19 वर्ष) पिता संतू दिवाकर, निवासी खपरी थाना मुलमुला
