
कोण्डागांव न्यूज धमाका – स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त की सुबह जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। सुबह 7:30 बजे विकास नगर मैदान से शुरू हुई यह दौड़ घड़ी चौक, गांधी चौक और बाजार पारा से होते हुए पुनः विकास नगर मैदान में संपन्न हुई।

दौड़ में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, दीपेश अरोरा, कुलवंत सिंह, पूर्व विधायक मोहन मरकाम, तरुण गोलछा, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई समेत अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-युवा और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने छात्रावास के बालक-बालिकाओं और युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
दौड़ के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। आयोजन के दौरान पूरे नगर में उत्सव का माहौल रहा और स्वतंत्रता दिवस के प्रति लोगों का जोश देखते ही बनता था।
