
अंबिकापुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में पिछले 24 घंटों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सूरजपुर जिले में देर रात गरज-चमक के साथ हुई तेज बारिश से बरौधी–जरही मार्ग पर सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और कोल ट्रांसपोर्टेशन रातभर बाधित रहा।
तेज हवाओं और बारिश से चार मकान क्षतिग्रस्त हो गए और दर्जनभर बकरियों की मौत हो गई। कोल प्रबंधन और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग से पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है।
अंबिकापुर में मंगलवार रात हुई आंधी-बारिश से 7–8 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही, जबकि बलरामपुर जिले में भी दो से तीन जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने सरगुजा, रायपुर, दुर्ग, बालोद, धमतरी, कांकेर समेत 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया के कारण अगले पांच दिनों तक बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
