
राजनांदगांव न्यूज धमाका – जिले से एक बड़ा बैंकिंग फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक्सिस बैंक के पूर्व कर्मचारी उमेश गोरले को 2.5 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने ग्राहकों के खातों से पैसा निकालकर अपनी पत्नी और मां के खातों में ट्रांसफर किया और इस रकम से हुंडई क्रेटा कार, बॉन्ड, मोबाइल, लैपटॉप समेत कई चीजें खरीदीं।
43 शिकायतें, 2.5 करोड़ की ठगी
डोंगरगढ़ थाने में अब तक उमेश गोरले के खिलाफ 43 अलग-अलग शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नेट बैंकिंग, फर्जी चेक और FD अकाउंट्स से ओवरड्राफ्ट निकालकर रकम चुराई।
पत्नी और मां के खातों का इस्तेमाल
गोरले ने चोरी की रकम को मन्नापुरम गोल्ड लोन के खाते में ट्रांसफर कर वहां से अपनी पत्नी उषा गोरले और मां तारादेवी गोरले के खातों में भेजा। जांच में पाया गया कि तारादेवी का बैंक अकाउंट आरोपी के मोबाइल नंबर और ईमेल ID से लिंक था।
क्या-क्या जब्त हुआ?
- हुंडई क्रेटा कार
- बॉन्ड पेपर
- लैपटॉप
- मोबाइल फोन
- बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(5) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पत्नी उषा गोरले को भी गिरफ्त में लिया गया है। वहीं, मां तारादेवी की भूमिका की जांच जारी है।
जांच टीम का विशेष योगदान
इस बड़ी कार्रवाई में निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, उप निरीक्षक भुषण चन्द्राकर, और आरक्षक लीलाधर मंडलोई सहित कई पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।
आरोपियों के नाम:
- उमेश गोरले (46 वर्ष) — डोंगरगढ़, बुधवारीपारा निवासी
- उषा गोरले (43 वर्ष) — आरोपी की पत्नी



