
भाटापारा न्यूज धमाका – बलौदाबाजार पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट के मास्टरमाइंड गिरीश घिरवानी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले गोवा के बोगमालो इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने गिरोह के 15 सदस्यों को रंगे हाथ पकड़ा था, जिनके पास से लाखों के गैजेट्स जब्त किए गए थे।
मास्टरमाइंड गिरफ्तार
गिरफ्तार गिरीश घिरवानी (41) नागपुर की कश्मीरी गली का निवासी है। वह लंबे समय से फरार था और खेलो यार, आरबीसी 139 व वीनबज 7 जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के ज़रिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस की साइबर सेल ने तकनीकी निगरानी के बाद 11 जुलाई को गिरफ्तार किया।
गोवा से बरामद हुए थे लाखों के उपकरण
इस गिरोह के पास से पुलिस ने ₹8.15 लाख मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप, टीवी व अन्य उपकरण बरामद किए थे। गिरोह मोबाइल के ज़रिए लॉगिन आईडी और बैंक खातों से लेन-देन करता था। सट्टा की रकम हवाला के जरिए स्थानांतरित की जाती थी।
स्थानीय सटोरियों की गिरफ्तारी बाकी
भाटापारा थाना में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि मामले की तह तक पहुँचा जा रहा है, मगर स्थानीय खाईवाल और सटोरिए अब भी फरार हैं। इससे पुलिस की कार्रवाई को लेकर संदेह और आलोचना दोनों बढ़ी हैं।
सूत्रों के अनुसार, “स्थानीय स्तर पर सट्टा अभी भी जारी है। गिरीश की गिरफ्तारी महत्त्वपूर्ण है, लेकिन नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त नहीं हुआ है।”
आगे की रणनीति
पुलिस अधीक्षक ने संकेत दिए हैं कि सट्टे की स्थानीय कड़ियों को पकड़ने के लिए अगले कुछ दिनों में और भी छापेमारी की जाएगी। वहीं साइबर सेल डिजिटल सबूतों की गहराई से जांच कर रही है।



