

गरियाबंद न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से लापता युवक की अधजली लाश ओडिशा के नुआपड़ा जिले के एक जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई है। युवक की पहचान लगनिया सोनवानी (35 वर्ष), निवासी उरमाल (थाना देवभोग), के रूप में की गई है, जो हाल ही में अपने ससुराल मूंगिया गांव में रह रहा था। बीते 7 दिनों से युवक लापता था।
जानकारी के अनुसार, युवक का शव ओडिशा के सीनापाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरला जंगल में बुरी तरह जली हालत में बरामद हुआ है। शव के पास ही उसकी बाइक भी जली हुई अवस्था में मिली है। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने बताया कि लगनिया 7 दिन पहले बिना किसी को बताए घर से निकला था, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। 16 मई को परिजनों ने देवभोग थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और प्रारंभिक अनुमान के अनुसार युवक की हत्या कर शव को जंगल में बाइक सहित जलाकर फेंक दिया गया है ताकि सबूत मिटाए जा सकें। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर हत्या की पुष्टि और आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने क्या कहा?
सीनापाली थाना पुलिस के अनुसार, “मामला संवेदनशील है। हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही इस मामले में बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।”
क्षेत्र में दहशत का माहौल
घटना के बाद गरियाबंद और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और प्रशासन से दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं।
