
दुर्ग,न्यूज़ धमाका:-हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की स्नातकोत्तर स्वाध्याय परीक्षा में लगभग 33 हजार परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। स्वाध्यायी स्नातकोत्तर परीक्षा के लिए 34 हजार 990 परीक्षार्थियों ने आनलाइन रूप से एमए, एम.काम तथा एमएससी गणित कक्षाओं के लिए आवेदन पत्र भरा था।
विभिन्ना महाविद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पांच अप्रैल को सभी कक्षाओं के प्रथम प्रश्नपत्र की आनलाइन परीक्षा हो जाने के बावजूद परीक्षा के दूसरे दिन छह अप्रैल को अनेक विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त की। इन परीक्षार्थियों को शेष बचे प्रश्नपत्र हल करने के लिए ही निर्धारित संख्या में उत्तरपुस्तिका प्रदान की गई।
विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा.प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को विवि में बड़ी संख्या में स्वाध्याय स्नातकोत्तर विद्यार्थियों तथा उनके पालकों ने विवि द्वारा परीक्षा केंद्रों में बैठकर प्रश्नपत्र हल करने दिए जाने के निर्णय की सराहना की। विवि द्वारा प्राचार्यों को केंद्र के कक्ष में परीक्षार्थियों को बैठकर परीक्षा दिए जाने व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने निर्देशित किया गया था।
कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप ने बताया कि स्नातकोत्तर स्वाध्याय परीक्षा के लिए विवि द्वारा स्थापित 68 परीक्षा केंद्रों तथा उपकेंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए बैठकर प्रश्नपत्र हल करने की सुविधा प्रदान की गई हैं। इसका सीधा लाभ दूर से आने वाले परीक्षार्थियों व उनके परिजनों को हो रहा है। उन्होंने बताया कि नौ अप्रैल को स्नातकोत्तर कक्षाओं की अधिकांश परीक्षाएं समाप्त हो रही है। इसके बाद बीसीए तथा बी.लिब की परीक्षाएं 19 अप्रैल तक जारी रहेंगी।



