
भिलाई,न्यूज़ धमाका :- सुपेला रेलवे फाटक पर बीते करीब चार माह पहले भिलाई टाउनशिप और पटरी पार क्षेत्र को जोड़ने वाले रेल लाइन की मरम्मत की गई थी। इसके बाद यहां डामरीकरण नहीं किया गया है। गिट्टी की वजह से आए दिन वाहनों के पहिए फंस रहे हैं। कई दुपहिया सवार असंतुलित होकर गिर भी चुके हैं। खासकर सुबह और शाम को यातायात का दबाव अधिक रहने के समय स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाती है और जाम भी लग जाता है। इससे आम लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।

भिलाई में चार अंडरब्रिज और दो ओवरब्रिज बनने के बार भी सुपेला रेलवे फाटक पर यातायात का दबाव अपेक्षाकृत ज्यादा कम नहीं हुआ है। बीएसपी प्लांट और टाउनशिप की आरे जाने वाले अधिकांश लोग इस रेलवे फाटक का ही उपयोग करते हैं। इस वजह से यहां पर वाहनों की आवाजाही हमेशा लगी रहती है। बीएसपी कर्मचारियों के अलावा आम लोग भी इसका उपयोग करते हैं। खासकर बारिश के दिनों में अंडरब्रिज में पानी भरे होने पर इसकी उपयोगिता और भी ज्यादा हो जाती है।
रेलवे द्वारा सुपेला फाटक पर नियमित मरम्मत कार्य बीते दिसंबर माह में कराया गया था। इस दौरान तीन दिनों तक फाटक को आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद रखा गया था। इस दौरान रेल लाइन की मरम्मत के साथ ही गिट्टी को भी बदला गया था। मरम्मत कार्य के बाद उक्त स्थान को ऐसे ही छोड़ दिया गया। गिट्टी के ठीक तरह से बैठ जाने के बाद फाटक पर डामरीकरण का कार्य किया जाना था परन्तु अब तक यह काम नहीं किया गया है।
