
17 जुलाई 2026 //
दिल्ली न्यूज़ धमाका – दिल्ली सरकार राजधानी की राशन व्यवस्था को आधुनिक और अधिक पारदर्शी बनाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत जल्द ही स्मार्ट-पीडीएस लागू किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और राशन वितरण में होने वाली गड़बड़ियों को खत्म करना है। स्मार्ट-पीडीएस के लागू होने के बाद राशन वितरण प्रणाली में तकनीक का अधिक इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे लाभार्थियों को सुविधाजनक तरीके से राशन मिल सकेगा। सरकार का लक्ष्य है कि पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाया जाए।
क्या है स्मार्ट राशन सिस्टम?
मौजूदा व्यवस्था में राशन लेने के लिए लोगों को अक्सर राशन की दुकान पर जाकर लाइन लगानी पड़ती है। कई बार राशन मिलने में देरी, स्टॉक की जानकारी न मिलने और वितरण व्यवस्था को लेकर शिकायतें भी सामने आती रही हैं। नई स्मार्ट प्रणाली में राशन वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की तैयारी है। इसके तहत राशन कार्ड धारक अपने मोबाइल फोन या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से यह जानकारी हासिल कर सकेंगे कि उनका राशन कब जारी हुआ और उन्हें कितना राशन मिलना है। इसके अलावा राशन की डिलीवरी की पूरी प्रक्रिया को ट्रैक करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लाभार्थियों को बार-बार राशन की दुकान पर जाकर जानकारी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

QR कोड से मिलेगी लाभार्थी की पूरी जानकारी
नई स्मार्ट व्यवस्था में राशन कार्ड में कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। इसमें QR कोड आधारित स्मार्ट राशन कार्ड, लाभार्थी की डिजिटल जानकारी से जुड़ा रिकॉर्ड, स्कैन करते ही राशन कार्ड धारक की पूरी जानकारी उपलब्ध होने की सुविधा शामिल होंगे स्मार्ट राशन कार्ड से लाभार्थियों की पहचान आसान होगी और राशन वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। QR कोड के जरिए राशन कार्ड की जानकारी तुरंत सत्यापित की जा सकेगी, जिससे फर्जीवाड़े और गलत इस्तेमाल पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
ऑनलाइन जुड़ेंगे और हटेंगे परिवार के सदस्य
स्मार्ट राशन सिस्टम में राशन कार्ड की जानकारी डिजिटल होगी। इसके तहत लाभार्थी ऑनलाइन माध्यम से परिवार के नए सदस्य का नाम जोड़ सकेंगे किसी सदस्य का नाम हटाने का अनुरोध कर सकेंगे इससे राशन कार्ड में बदलाव की प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान और तेज हो सकेगी।
फेस स्कैन से मिलेगा राशन
नई व्यवस्था में बायोमेट्रिक फेस रिकग्निशन तकनीक को भी शामिल करने की तैयारी है। इसके तहत राशन लेते समय लाभार्थी की चेहरे की पहचान की जाएगी। फेस स्कैन जैसी तकनीक से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जी राशन कार्ड, गलत व्यक्ति द्वारा राशन उठाने या किसी अन्य के नाम पर अनाज लेने जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
वन नेशन, वन राशन कार्ड से देशभर में मिलेगा राशन
स्मार्ट-पीडीएस व्यवस्था वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना से भी जुड़ी होगी। इसके तहत दिल्ली का राशन कार्ड धारक देश के किसी भी राज्य में जाकर अपने हिस्से का राशन प्राप्त कर सकेगा।

17 लाख राशन कार्ड धारकों को मिलेगा लाभ
दिल्ली सरकार के मुताबिक, राजधानी में करीब 17 लाख राशन कार्ड धारकों को इस नई डिजिटल व्यवस्था का सीधा फायदा मिलेगा। स्मार्ट राशन कार्ड, ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल निगरानी के जरिए राशन वितरण प्रक्रिया को आसान बनाने की योजना है। सरकार का कहना है कि स्मार्ट-पीडीएस लागू होने के बाद राशन वितरण प्रक्रिया तेज और आसान होगी
पारदर्शिता बढ़ेगी
भ्रष्टाचार और कालाबाजारी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी
लाभार्थियों को घर बैठे राशन से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी
राशन लेने की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और डिजिटल होगी

