
रायगढ़,न्यूज़ धमाका :-भागीदारों में आपसी विवाद के बाद बंद हो चुकी राइस मिल की मशीनों को कबाड़ी चोरी कर ले जा रहे हैं। यूनियन बैंक के पजेशन में नीलामी के लिए रखी और बंद पड़ी राइस मिल लगातार खाली होती जा रही है लेकिन बैंक प्रबंधन इसकी सुध भी नहीं ले पा रहा है।संबंधित फर्म की पार्टनरशिप वाली सभी संपत्तियों को यूनियन बैंक आफ इंडिया ने अपने पजेशन में ले लिया और फर्म की रायपुर की एक प्रापर्टी तथा शहर के कोतरा रोड स्थित एक दुकान को नीलाम कर दिया।
जिले में कबाड़ियों की आतंक इस तरह सर चढक़र बोल रहा है कि अब सरकारी संपत्तियां भी किसी तरह सुरक्षित नहीं हैं। इसी तरह का मामला पुसौर में सामने आया है। जहां एक बंद पड़ी राइस मिल जो कि बैंक के कब्जे में है,वहां मशीने काटकर गायब कर दी जा रही है। जानकारी के अनुसार सालों पूर्व पुसौर के त़ड़ोला में मां भगवती पैडी प्रोसेसिंग यूनिट संचालित हुआ करती थी।
इस राइस मिल को कुछ पार्टनर मिलकर संचालित करते थे लेकिन फर्म में खटास पड़ी तो धीरे-धीरे राइस मिल नुकसान में जाती गई और यूनियन बैंक से लोन पर चल रही प्रापर्टी एनपीए में तब्दील हो गई। इसमें अगला नंबर राइस मिल का था लेकिन बंद पड़ी इस राइस मिल से बीते कुछ दिनों से लगातार मशीनों को काटकर ले जाया जा रहा है। बताया जाता है कि शहर के कबाड़ व्यापारी से सांठगांठ कर एक पार्टनर इस घटना को अंजाम दे रहा है।


