
बिलासपुर,न्यूज़ धमाका :- बिलासा एयरपोर्ट को फोर सी श्रेणी में उन्नयन करने का मामला विधानसभा पहुंच गया है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने विधानसभा में सवाल दागते हुए जानकारी मांगी है कि अब क्या दिक्कतें आ रही हैं जिसकी वजह से फोर सी श्रेणी में विमानतल का उन्नयन नहीं हो पा रहा है। बुधवार को उनके सवाल पर विधानसभा में जवाब पेश किया जाएगा।
बिलासा एयरपोर्ट को फोर सी श्रेणी मेें अपग्रेड करने और नाइट लैंडिंग की सुविधा की मांग को लेकर हवाई सेवा संघर्ष समिति द्वारा लगातार आंदोलन चलाया जा रहा है। अखंड धरना प्रदर्शन के स्वरूप में अब थोड़ा सा बदलाव हो गया है। अब सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को डा राघवेंद्र राव सभा भवन परिसर में आंदोलन चलाया जा रहा है। 25 फरवरी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बिलासपुर प्रवास के दौरान संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए आवश्यक 200 एकड़ जमीन सेना से मांगने की बात रखी थी।
इस पर मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से चर्चा करने की जानकारी भी दी थी। सैन्य मंत्रालय को पत्र लिखकर 200 एकड़ जमीन वापस करने की मांग भी शासन की तरफ से की गई है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने विधानसभा में सवाल दागते हुए बिलासा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए आवश्यक जमीन के अलावा फोर सी श्रेणी और नाइट लैंडिंग सुविधा के लिए शासन स्तर पर किए जा रहे प्रयास के संबंध में जानकारी मांगी है। उनके सवाल पर बुधवार को शासन की तरफ से जवाब देने का समय मांगा गया है।


