
कोरबा,न्यूज़ धमाका :-कलेक्टर रानू साहू ने 14 मार्च को अजगरबहार में आयोजित होने वाली समाधान शिविर की तैयारियों के संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर साहू ने समाधान शिविर के माध्यम से राजस्व प्रकरणों का निराकरण प्रमुखता से करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने लंबे समय से लंबित सीमांकन, नामांतरण, आपसी बटवारा, किसान किताब प्रदाय करना एवं रिकार्ड दुरूस्ती आदि के प्रकरणों को प्रमुखता से शिविर के माध्यम से निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविर स्थल पर हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, दस्तावेज एवं सेवा प्रदान कर समस्या का समाधान से अवगत कराया जाएगा। कलेक्टर साहू ने जिला शिक्षा अधिकारी जीपी भारद्वाज को बच्चों के जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र व छात्रवृत्ति की जरूरत संबंधित प्रकरणों के सर्वे करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गंभीर बीमारी से ग्रसित बच्चों की भी जानकारी संकलित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंख, कान, सांस आदि से संबंधित समस्याओं वाले बच्चों का चिन्हांकन कर जिला अस्पताल में परीक्षण कराकर इलाज कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही जर्जर स्कूल भवनों, मरम्मत लायक भवन और अतिरिक्त कक्ष निर्माण की भी जानकारी देने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पांडेय, जिला खाद्य अधिकारी जेके सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी एमडी नायक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


