
बालोद न्यूज धमाका – दल्लीराजहरा थाना परिसर में पदस्थ एएसआई हिरामन मंडावी ने 16 अगस्त को बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
घटना को लेकर आदिवासी समाज ने गंभीर आरोप लगाए हैं। समाज के नेताओं ने पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल से मुलाकात कर थाना प्रभारी (टीआई) रविशंकर पांडे पर एएसआई को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और तत्काल निलंबन की मांग की।
आदिवासी समाज जिला अध्यक्ष तुका राम कोर्राम ने कहा—
“हमारे समाज के होनहार एएसआई को थानेदार की प्रताड़ना के कारण आत्महत्या करनी पड़ी। मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए और आरोपी टीआई को निलंबित किया जाना चाहिए।”
वहीं, डौंडी ब्लॉक अध्यक्ष रोहित माहला ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर अमल नहीं हुआ तो समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने कहा कि मामले की जांच जारी है और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।



