
जगदलपुर न्यूज़ – छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के मारडूम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ककनार में बीते सात जुलाई को आपसी विवाद में ग्रामीण जगमोहन की हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपित पूरनधर उर्फ पूरन मौर्य तथा जगतु राम मौर्य दोनों निवासी ककनार खैरगुड़ापारा थाना मारडूम को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को रिमांड पर जेल भेजा गया है। एसडीओपी ईश्वर त्रिवेदी ने बताया कि सात जुलाई को ग्राम ककनार में देवी जात्रा पूजा थी। जहां जात्रा में जगबंधु कश्यप और कोटवार जगतुराम मौर्य के बीच पूर्व के जमीन संबंधी विवाद को लेकर आपस में लड़ाई हुई थी। उसके बाद रात्रि करीब 12 बजे आरोपी पूरनधर उर्फ पूरन मौर्य व जगतु राम मौर्य जगबन्धु के घर पहुंचे और उसे सल्फी पेड़ से सल्फी उतारने कहा। वह उनके साथ सल्फी उतारने पहुंचा।
उस बीच दिन में हुए विवाद पर फिर से उनके बीच झगड़ा होने लगा। इसके बाद उत्तेजित होकर आरोपितों ने एक राय होकर जगबन्धु को पकड़कर उसके गुप्तांग में वार किया। वहीं हाथ मुक्का से बुरी तरह पिटाई की। आंतरिक चोटों के चलते जगबंधु की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों आरोपी जगबंधु की हत्या के बाद साक्ष्य को छिपाने के लिए मृतक जगबंधु के शव को उठाकर उसी के घर ले जाकर मृतक के घर के परछी में रस्सी से जगबंधु को फांसी के फंदे पर लटका दिया। प्रकरण में मारडूम पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया था। पीएम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आने पर बारीकी से पड़ताल की गई। सुराग मिलते ही आरोपियों को पकड़ा गया। दोनों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया है।