छतीसगढ़सूरजपुर

सूरजपुर: स्कूली बच्चों की जान जोखिम में, नाला पार कर पहुंचे स्वतंत्रता दिवस समारोह में

नाला पार करते हुए बच्चे

सूरजपुर न्यूज धमाका – देशभर में जहां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया, वहीं छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से लापरवाही और अव्यवस्था की तस्वीरें सामने आई हैं। प्रेमनगर ब्लॉक के महेशपुर गांव (गौंटियापारा) का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें स्कूली बच्चे स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए जान जोखिम में डालकर नाला पार करते दिख रहे हैं।

तेज़ बहाव में नाला पार करते बच्चे
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छोटे-छोटे बच्चे तेज बहाव और ऊँचाई वाले नाले को पार करने की कोशिश कर रहे हैं। कई बच्चों को मुश्किल से संतुलन बनाते हुए देखा गया। यह नज़ारा ग्रामीण इलाकों में शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं की बदहाल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मां का संघर्ष भी आया सामने
इसी जिले से 31 जुलाई को एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर उफनते नाले को पार कर रही थी। यह दृश्य भैयाथान ब्लॉक के बसकर पंचायत का था। बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं, और रोज़ ग्रामीण इसी जोखिम भरे रास्ते से बच्चों को स्कूल पहुंचाने को मजबूर हैं।

बाइक सवार भी फंसे नालों में
लगातार बारिश से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी नदी-नाले उफान पर हैं। ग्राम परासी के भेड़वा नाले में एक बाइक सवार तेज बहाव में फंस गया, जिसे ग्रामीणों ने किसी तरह बचाया। वहीं कोटखर्रा गांव के भूलभूला नाले में एक युवक बाइक सहित बह गया। युवक ने खुद को बचा लिया, लेकिन बाइक को अगले दिन JCB की मदद से बाहर निकाला गया।

प्रशासन पर उठे सवाल
इन घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों की मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से सुरक्षित आवाजाही की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!