
धमतरी न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक ज्वेलर्स दुकान में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने दुकान संचालक और उनकी बेटी पर जानलेवा हमला किया। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे पावर हाउस क्षेत्र में स्थित बरडिया ज्वेलर्स दुकान पर दो नकाबपोश बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दुकान के संचालक भंवरलाल बरड़िया अपनी बेटी के साथ दुकान बंद कर रहे थे, तभी दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला किया। हमलावरों ने पहले पिस्टल की बट से भंवरलाल पर हमला किया। बेटी नैना बरड़िया को यह देखकर पिता की मदद करने दौड़ने की कोशिश की, तभी आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली नैना के पैर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद दोनों घायल पिता-पुत्री को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर दी और आरोपी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए शहर भर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ कई पुलिस टीमों को लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने घटना के बाद जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे शहर में घेराबंदी की गई है। फिलहाल हमलावर फरार हैं, लेकिन पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।



