
19 जुलाई 2026 //
सरगुजा न्यूज़ धमाका – बतौली के नागम गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। पेड़ के नीचे मोबाइल देख रहे चार बच्चे इसकी चपेट में आ गए, जिसमें दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई
सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार देर शाम लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम में हल्की बारिश के दौरान पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल देख रहे चार बच्चे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रंजीत नगेशिया (12 वर्ष) और रोशन नगेशिया (12 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं प्रभु राम (11 वर्ष) और उसका सगा भाई दिनेश (13 वर्ष) बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं प्रशासन ने लोगों से बारिश और गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है
एक महीने के भीतर 5 लोगों की हुई मौत
गौरतलब है कि सरगुजा जिले में पिछले एक महीने के भीतर आकाशीय बिजली से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले ग्राम डुमकी में बिजली गिरने से तीन लोगों की जान गई थी, जबकि अब नागम गांव में दो मासूम बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है



