
बिलासपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदीकला-टोना गांव में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बीती रात पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया, जिसमें हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पारिवारिक रंजिश बनी खून खराबे की वजह
जानकारी के अनुसार, हरदीकला-टोना गांव निवासी वेदराम साहू और सुनील साहू के बीच काफी समय से पैतृक जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। बुधवार रात दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई।
इस दौरान एक पक्ष ने लाठी-डंडों और लोहे की सब्बल से हमला कर दिया, जिसमें गीता साहू और उसके भाई वेदराम साहू को गंभीर चोटें आईं। दोनों को तत्काल इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान गीता साहू की मौत हो गई। वेदराम साहू की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने 3 आरोपियों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनील साहू समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है और गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
आगे की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि घायल का इलाज जारी है।
