धमधा,न्यूज़ धमाका :- धमधा के छह आगर छह कोरी तरिया (126 तालाब) को पुर्नजीवित किया जाएगा। सभी तालाबों की वास्तविक जानकारी जुटाकर उन्हें जल्द ही कब्जामुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों को इस धरोहर के बारे में जागरूक भी किया जाएगा। इसके लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बृजेश सिंह क्षत्रीय ने अधिकारियों को निर्देशित किया है।
धमधा एसडीएम ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं पटवारी की आकस्मिक बैठक ली और दो दिन के भीतर धमधा के सभी तालाबों का डाटा जुटाने के निर्देश दिए। इसमें कितने तालाब अभी जीवित हैं, कितने तालाब पट चुके हैं। कितने तालाब शासकीय भूमि पर हैं, लेकिन वहां वर्तमान में अवैध कब्जे हो चुके हैं। इसकी जानकारी जुटाने के पश्चात चरणबद्घ तरीके से तालाबों के सीमांकन की कार्रवाई की जा रही है। शासकीय भूमि पर स्थित तालाबों पर मौका मुआयना किया जाएगा और वहां कब्जाधारियों को स्वयं से हटने कहा जाएगा। नागरिकों के सहयोग से सर्वसम्मति से शासकीय तालाबों के कब्जे हटाए जाएंगे। इसके बाद भी शासकीय तालाबों पर कब्जे नहीं हटाए गए तो उनके खिलाफ राजस्व नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम बृजेश सिंह क्षत्रीय ने बताया कि धमधा में 126 तालाबों की अनोखी श्रृंखला है, लेकिन इसकी देखरेख नहीं होने से पट रहे हैं।
कार्यालय राजस्व निरीक्षक के द्वारा एक ज्ञापन जारी किया गया। इसमें धमधा नगर पटवारी हल्का नंबर 9 में तहसील द्वारा 14 फरवरी को जारी किए गए ज्ञापन के अनुसार धमधा निकाय तालाबों का सीमांकन हेतु ज्ञापन प्राप्त हुआ। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार रामकुमार सोनकर, नायब तहसीलदार हुलेश्वर पटेल, पटवारी ओंकार देशमुख, विवेक देवांगन, कृष्ण दास बांदे, मधुकांत सिंह, देवदास बंजारे उपस्थित थे।



