
कोंडागाँव न्यूज धमाका – क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य अधूरा छोड़ देने के कारण स्थानीय लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के दौरान की गई खुदाई अब तक पूरी नहीं की गई, जिससे पूरा रास्ता अवरुद्ध हो गया है। मार्ग पर मलबा, टूटी कंक्रीट और खुली सीवर लाइनें दिखाई दे रही हैं, जिससे न केवल यातायात बाधित हो गया है, बल्कि दुर्घटना का भी खतरा बना हुआ है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, स्कूल, अस्पताल और बाजार जैसे आवश्यक स्थानों तक पहुंच के लिए उपयोग में लाया जाता है। अधूरी खुदाई के कारण छोटे वाहन तक नहीं निकल पा रहे हैं, वहीं पैदल चलने वाले भी जोखिम उठा रहे हैं।
एक निवासी ने बताया, “पिछले कई दिनों से स्थिति यही है। ना तो काम आगे बढ़ रहा है और ना ही किसी अधिकारी ने इसका संज्ञान लिया है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है।”
वर्तमान में निर्माण स्थल पर गंदा पानी बह रहा है, जिससे दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। जगह-जगह फैला मलबा और उखड़े हुए कंक्रीट के टुकड़े मार्ग को पूरी तरह से अवरुद्ध कर रहे हैं।
निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।



