दंतेवाड़ा न्यूज़ धमाका /// जिले के गीदम-बारसूर मुख्यमार्ग में शनिवार देर रात ट्रैक्टर और तूफान वाहन में जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब 14 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे में घायल हुए 2 ग्रामीणों की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिन्हें दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का गीदम अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार गीदम-बारसूर मुख्यमार्ग में रोंजे गांव के पास ट्रैक्टर और तूफान वाहन की टक्कर हुई है। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद ट्रैक्टर की ट्राली पलट गई और तूफान वाहन खेत में जा घुसी। ट्रैक्टर ट्राली में सवार ग्रामीण काफी दूर तक फेंका गए थे। हादसे के बाद गांव के लोग घटना स्थल पहुंचे जिन्होंने सभी घायलों को निकाला। जिसके बाद इस हादसे की सूचना फौरान गीदम थाना और एंबुलेंस 108 को दे गई।
मौके पर पहुंचे जवानों ने ग्रामीणों की मदद से सभी 14 घायलों को एंबुलेंस 108 से गीदम अस्पताल पहुंचाया। जिनमें 2 ग्रामीणों की स्थित बेहद नाजुक बनी हुई है। जिनका प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अन्य ग्रामीणों का गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ट्रैक्टर में कितने ग्रामीण सवार थे और तूफान वाहन में कितने थे।
बताया जा रहा है कि हादसे में जो ग्रामीण घायल हुए हैं इनमें से कुछ ग्रामीण इंद्रवाती नदी पार गांव के हैं तो कुछ घोटपाल गांव के रहने वाले हैं। जो अपने-अपने गांव लौट रहे थे। गीदम थाना प्रभारी जयसिंह खूंटे ने बताया कि, हादसा कैसे हुआ है इसकी जानकारी नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।