
बिलासपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक युवती के साथ उसके पूर्व प्रेमी द्वारा अपहरण, मारपीट और बलात्कार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ओमप्रकाश कश्यप (निवासी बिर्रा, जिला जांजगीर) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता, जो सरकंडा क्षेत्र के एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही है, ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि आरोपी से उसका पहले प्रेम संबंध था। ओमप्रकाश ने शादी का झांसा देकर 6 अक्टूबर 2023 को बिलासपुर के राजा होटल में शारीरिक संबंध बनाए थे। इसके बाद भी कई बार विभिन्न स्थानों पर जबरन संबंध बनाए गए।
जब युवती ने संबंध बनाने से इनकार किया, तो आरोपी उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। तंग आकर युवती ने उससे दूरी बना ली, लेकिन आरोपी पीछा करता रहा।
19 मई की रात, जब युवती हॉस्टल लौट रही थी, तभी ओमप्रकाश ने रास्ते से उसका अपहरण कर लिया और अपने एक दोस्त के कमरे में ले जाकर बेल्ट से पिटाई की और बलात्कार किया। अगली सुबह युवती के गिड़गिड़ाने पर वह उसे हॉस्टल के बाहर छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



