छतीसगढ़राजनांदगांव

कांग्रेस ने रमन सिंह पर लगाए गंभीर आरोप, जिलाध्यक्ष कुलबीर ने कहा – सीएम साय को हटाकर खुद सीएम बनने की कोशिश में जनता को मुसीबत दे रहे पूर्व सीएम

राजनांदगांव न्यूज धमाका – शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने पत्रकारवार्ता में भाजपा की गुटबाजी को उजागर करते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा की गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह मौजूदा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को हटाकर खुद मुख्यमंत्री बनने की कोशिश में लगे हुए हैं। स्वयं ही प्रदेश में अराजकता का वातावरण तैयार कर रहे हैं।

छाबड़ा ने यह भी कहा कि राजनांदगांव के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की कमी होना उस पर भी रहे सहे डॉक्टरों द्वारा इस्तीफा दिया जाना यह साबित करता है कि डॉक्टर साहब अपने क्षेत्र के स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति कितने लापरवाह हैं। छाबड़ा ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज के 20 डॉक्टरों के सामूहिक इस्तीफा दिया है। राजनांदगांव के साथ हो रही उपेक्षा के जिम्मेदार डॉ. रमन सिंह है।

छाबड़ा ने कहा, राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट में वर्तमान में एक ही डॉक्टर है, जबकि 7-8 डॉक्टर होने चाहिए। सर्जरी में 02 डॉक्टर है, जबकि 08-09 डॉक्टर होने चाहिए। हड्डी विभाग में 02-03 डॉक्टर है, जिसमें 07-08 डॉक्टर होने चाहिए। गाइनिक में 03 डॉक्टर है जिसमें एक एचओडी है, जबकि 07 से 08 डॉक्टर होनी चाहिए। मेडिसीन में 05 डॉक्टर है जबकि 10 डॉक्टर होने चाहिए। पैथोलॉजी में 03 डॉक्टर है जबकि 07 से 08 डॉक्टर होना चाहिए। टीबी विभाग में 01 डॉक्टर है जबकि 03 डॉक्टर होने चाहिए। मनोरोग विभाग में 01 डॉक्टर है जबकि 03 होने चाहिए। न्यूरोलॉजिस्ट, किडनी, हार्ट का डॉक्टर नहीं है वह भी नियुक्ति होनी चाहिए। इसी तरह अन्य विभाग में भी डॉक्टरों की बहुत कमी है।

उन्होंने कहा, आनन-फानन में तत्काल चुनावी लाभ लेने के लिए बिना सुविधा दिए डॉ. रमन ने मेडिकल कॉलेज शुरू कर दिया, जबकि बुनियादी ढाचा एवं मरीजों की सुविधा के संबंध में किसी भी प्रकार का काम पूर्ण नहीं हुआ हुआ था। सिटी स्कैन मशीन की राशि कांग्रेस सरकार आने पर दी गई किन्तु विलंबता के कारण मशीनों की मूल्य में वृद्धि हो जाने से आज तक मशीन खरीदी नहीं गई। जिस कारण मरीज सरकारी सुविधाओं से वंचित है तथा प्राइवेट जाकर सिटी स्कैन कराने से मरीजों को जेब से पैसा लगता है और यह प्राइवेट सिटी स्कैन वालों के साथ भाजपा के लोग व्यापार कर रहे हैं। इसी तरह एमआरआई मशीन तथा एक्सरे मशीन भी मेडिकल कॉलेज में नहीं है।

कांग्रेस का आरोप है कि डा. रमन सिंह अपने निवास क्षेत्र कवर्धा में राजनांदगांव के मेडिकल कॉलेज को ले जाने के लिए जानबूझकर राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज को कोई सुविधा नहीं दिला रहे हैं, ताकि राजनांदगांव का मेडिकल कॉलेज समस्याओं के कारण बंद हो और इस कॉलेज को कवर्धा स्थानांतरित कर दिया जाए। कांग्रेस का आरोप यह भी है कि प्रदेश में भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी बने हैं और डा.रमन सिंह मुख्यमंत्री नहीं बन पाने के कारण पूरे छत्तीसगढ़ में अराजकता और समस्याएं फैलाकर विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री पद से हटाकर खुद मुख्यमंत्री बनने में लगे हैं। इस तरह भाजपा की आपसी गुट राजनीति और लड़ाई-झगड़े के कारण छत्तीसगढ़ की जनता को हर विषय पर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेसियों ने कहा है कि क्या 15 साल रहे मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह इतने कमजोर हो चुके हैं कि उनकी नहीं चल रही है या फिर मुख्यमंत्री बनने की लालसा में यह षंडयंत्र हो रहा है। प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से वरिष्ठ कांग्रेसी श्रीकिशन खंडेलवाल, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष शारदा तिवारी, विकास त्रिपाठी, महामंत्री अमित चंद्रवंशी, ब्लॉक अध्यक्षद्वय सूर्यकांत जैन, आसिफ अली, पार्षद मनीष साहू आदि उपस्थित थे।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!