
दुर्ग न्यूज धमाका – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेस नेता को भारी पड़ गया। पूर्व साडा उपाध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह को दुर्ग पुलिस ने मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया और बुधवार सुबह न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
क्या है मामला?
बृजमोहन सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर पीएम मोदी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी तेजी से वायरल हुई, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। इसके बाद वैशाली नगर थाना में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता पहुंचे और एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता को रात में ही गिरफ्तार कर लिया।
राजनीतिक तनाव, कांग्रेस ने लगाया पक्षपात का आरोप
बृजमोहन सिंह की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही पूर्व विधायक अरुण वोरा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर सहित कई कांग्रेस नेता थाने पहुंचे। उन्होंने भाजपा के दबाव में की गई कार्रवाई बताते हुए पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।
वहीं दूसरी ओर, भाजपा महिला मोर्चा, स्थानीय कार्यकर्ता और अन्य नेता भी बड़ी संख्या में थाने में डटे रहे और कांग्रेस नेता पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए कांग्रेस नेता
बुधवार सुबह कांग्रेस नेता को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें ज्यूडिशियल कस्टडी में जेल भेज दिया गया। फिलहाल मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इसी तरह का एक और मामला बिलासपुर से
सीपत के पूर्व विधायक अरुण तिवारी पर भी इसी तरह का आरोप लगा है। रंजीत यादव नामक व्यक्ति ने सिविल लाइन थाना, बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई कि तिवारी ने अपने सोशल मीडिया पर “ऑपरेशन सिंदूर” और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। शिकायतकर्ता ने इसे सेना और राष्ट्र की भावना को आहत करने वाला बताया है। पुलिस इस मामले में भी जांच कर रही है।
सियासत गरमाई, सोशल मीडिया पर निगरानी तेज
इन घटनाओं ने राज्य में राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया पर नेताओं की गतिविधियों पर निगरानी और सख्ती की मांग उठ रही है।
यह मामला यह भी दर्शाता है कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ उत्तरदायित्व और मर्यादा भी जरूरी है।



